संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बिजली विभाग के एसडीओ के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने सुबह नौ से 11 बजे तक अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कलायत इकाई के प्रधान सत्यवान लाठर ने कहा कि एसडीओ का रवैया सभी कर्मचारियों के साथ पूरी तरह से तानाशाही है। अधिकारी कर्मचारियों को बिना वजह परेशान करते हैं।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पूरा मामला है उसके बावजूद भी एसडीओ के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। इसी कारण से कर्मचारी आंदोलन करने पर मजबूर हैं।
यूनिट सचिव करण नैन ने कहा कि जब तक उक्त अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही नहीं की जाती उनका धरना व रोष प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके लिए यदि उच्च स्तर पर भी धरना व प्रदर्शन करना पड़ा तो कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे। कर्मचारियों के चल रहे आंदोलन की वजह से यदि किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एसडीओ कलायत व उच्च अधिकारियों की होगी।
अध्यक्षता कैथल इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश कुमार नैन ने की। प्रदर्शन में करण नैन, तारिफ धीमान, रोहताश शर्मा, लाइनमैन कमल कुमार, सिटी वन प्रधान गुरकीरत सिंह, शमशेर बैनीवाल, असमेर हांडा, सत्यवान लाठर, जगबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
इस संदर्भ में एसडीओ अंकित कुमार कहा कि कर्मचारियों ने जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह से निराधार हैं। एक महिला मेडिकल लीव पर है तो उनकी छुट्टी नोट करवाने के लिए दूसरी को बोला गया था।