संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले सब यूनिट ढांड के कर्मचारियों ने गुरुवार को एसडीओ के कथित तानाशाही रवैये के विरोध में नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया।
यूनियन प्रधान रवि मौगा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एसडीओ का रवैया न केवल भेदभावपूर्ण है, बल्कि मौजूदा सीजन की जरूरतों को भी नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई का सीजन चरम पर है, ऐसे में किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देना कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन एसडीओ द्वारा सीजन के बीच जेई का फील्ड एरिया बदल देना अनुचित है।
उन्होंने कहा कि संबंधित जेई अपने फील्ड क्षेत्र की भौगोलिक और तकनीकी स्थिति से भली-भांति परिचित है। स्थानांतरण से न केवल कर्मचारी को कार्य में कठिनाई होगी, बल्कि इसका सीधा असर किसानों को बिजली आपूर्ति पर पड़ेगा।
यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि तकनीकी कर्मचारियों के लिए बार-बार आग्रह करने के बावजूद एसडीओ ने सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं करवाई हैं, जिससे लाइन पर कार्य करते समय कर्मचारियों को हादसों का सामना करना पड़ता है।
रवि मौगा ने चेतावनी दी कि यदि जेई का तबादला रद्द नहीं किया गया और कर्मचारियों को सेफ्टी किट जल्द उपलब्ध नहीं करवाई गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस मौके पर जेई गांधी लेगा, दर्शन लाल, रविंद्र, सुनील, हरभजन, राजेश, दिलबाग और प्रवीण सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक पक्ष: इस मामले में विद्युत निगम ढांड के एसडीओ प्रिंस भूरा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जेई सत्यवान के कार्य निष्पादन को लेकर समय-समय पर शिकायतें उच्च अधिकारियों को मिली थीं। उन्हीं के निर्देश पर सत्यवान का फील्ड एरिया बदला गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक केंद्र पर दो से तीन सेफ्टी किट उपलब्ध करवाई गई हैं। यदि किसी फील्ड कर्मचारी को अतिरिक्त सेफ्टी किट की आवश्यकता है, तो वह कार्यालय में लिखित रूप में आवेदन करे। आवश्यकता अनुसार किट उपलब्ध करा दी जाएगी।