20 ढांड 01 खेतों में जमीन के करीब लटकी बिजली की तारें दिखाते हुए किसान।
ढांड। क्षेत्र के किसानों के खेतों में बिजली की ढीली और जमीन के बेहद करीब लटक रही तार बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत निगम के अधिकारी समस्या के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे किसानों में रोष व्याप्त है।
किसान भगवान दास, ओमप्रकाश, रोशन लाल और सतीश कुमार ने बताया कि चंदलाना में उनके खेतों से गुजर रही बिजली की तारें जमीन से मात्र लगभग पांच फीट की ऊंचाई पर लटकी हुई हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को हर समय करंट लगने का खतरा बना रहता है।
किसानों ने बताया कि तारों के नीचे से ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्र निकालना बेहद जोखिम भरा हो गया है। इस कारण वे खेतों की जुताई, बुवाई और फसल कटाई जैसे आवश्यक कृषि कार्य भी सुचारू रूप से नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति का तारों से संपर्क हो गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
किसानों ने कहा कि इस समस्या के लिए वे कई बार विद्युत निगम के जूनियर इंजीनियर को व्यक्तिगत रूप से अवगत करा चुके हैं। इसके अलावा लिखित शिकायतें भी दी गई हैं लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसानों की जान जोखिम में पड़ी हुई है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत निगम के अधिकारियों की होगी। किसानों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना होने से पहले ही ढीली तारों को ऊंचा करवाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
20 ढांड 01 खेतों में जमीन के करीब लटकी बिजली की तारें दिखाते हुए किसान।