फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: चुनाव चिह्न बदला, समर्थकों का हंगामा

Thu, 20 Feb 2025 01:34 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

पूंडरी/कैथल। भाजपा से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप चुनाव लड़ रहीं गुड्डी देवी को चुनाव अधिकारी (एसडीएम) की ओर से गलत चुनाव चिह्न देने के विरोध में उम्मीदवार के समर्थकों ने बुधवार को जमकर हंगामा काटा। बड़ी मुश्किल से समर्थकों को समझाया जा सका। दरअसल, उन्हें पहले चुनाव चिह्न उदयमान सूर्य दिया गया था लेकिन बाद में तय हुआ कि वह कैंची चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगी।

गौरतलब है किनगर पालिका में बुधवार को नाम वापस लेने और चुनाव चिह्न देने का दिन था। शाम को जब चुनाव अधिकारी व एसडीएम अजय सिंह चुनाव चिह्न बांट रहे थे तो उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी गुड्डी देवी को चुनाव चिह्न उदयमान सूर्य दिया। करीब एक घंटे बाद प्रशासन ने गुड्डी देवी के पति को फोन कर गलत चुनाव चिह्न दिए जाने की जानकारी दी। साथ ही कहा कि वे नगर पालिका आकर दूसरा चुनाव चिह्न ले लें। ये सुनकर गुड्डी देवी के समर्थक भड़क गए और सैंकड़ों की संख्या में नपा कार्यालय पहुंच गए, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं।
विज्ञापन


नपा पहुंचकर गुड्डी देवी के समर्थकों ने सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझ कर उन्हें परेशान कर रहा है ताकि वे किसी तरह से मैदान छोड़ दे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले गुड्डी देवी के नामांकन को रद्द करने का प्रयास किया गया और अब चुनाव चिह्न को लेकर उन्हें परेशान किया गया। यह भी आरोप लगाया कि ये सब भाजपा प्रत्याशी को फायदा दिलाने के लिए किया जा रहा है।

नाराज समर्थकों के हंगामे को देखकर पुलिस को मौके पर बुलाया और एसडीएम ने बाहर आकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की लेकिन नाराज लोग शांत नहीं हुए। फिर एसडीएम ने लोगों के सामने स्वीकार किया कि गलती उनकी तरफ से हुई है और वे अपील करते है एक बार शांत होकर उनकी बात सुन लें। बाद में उन्होंने गुड्डी देवी के पति कुलदीप सैनी और चार गणमान्य लोगों को बात करने के लिए बुलाया।

एसडीएम ने कहा कि ये चुनाव चिह्न अध्यक्ष पद के लिए दिए जाने वाले चिह्न की सूची में नहीं है। इसलिए सूची के अनुसार कोई दूसरा चुनाव चिह्न चुन लें। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कुलदीप सैनी को दूसरा चुनाव चिह्न चुनने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद उन्हें कैंची चुनाव चिह्न आवंटित किया गया।

दो बार गलती हुई चुनाव अधिकारी से

नगर पालिका के चुनाव अधिकारी व एसडीएम अजय सिंह ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान दो बार गलती कर डाली। पहली बार उन्होंने तीन बच्चों वाले प्रत्याशियों को चुनाव नहीं लड़ने की हिदायत वाला बयान जारी कर दिया था लेकिन बाद में उसे वापस लिया। इसके बाद अब बिना सूची देखे अध्यक्ष को गलत चुनाव चिह्न दे दिया। हालांकि समय रहते एसडीएम ने बात संभाल ली और सब सामान्य हो गया।
विज्ञापन


बार-बार क्यों निशाना बनाया जा रहा है : कुलदीप सैनी

अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहीं प्रत्याशी गुड्डी देवी के पति कुलदीप सैनी ने कहा कि बार-बार उन्हें परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना सब का अधिकार है लेकिन इस तरह के हथकंडे अपनाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा शहरवासी उनके साथ है इसलिए उन्हें किसी चीज का डर नहीं है। इस संबंध में कुलदीप सैनी ने कहा कि उन्होंने उदयमान सूर्य के पोस्टर भी छपने दे दिए थे। प्रचार रिक्शा वाला पूरे शहर में दो बार चक्कर लगाकर चुनाव चिह्न का प्रचार कर चुका है। अब ऐसे में यदि चुनाव चिह्न बदलता है तो उन्हें बहुत फर्क पड़ेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें