शनिवार सांय छह बजे के बाद चुनावी शोरगुल शांत हो गया। करीब 15 दिनों से जमकर चुनाव प्रचार कयिा जा रहा था। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला ने चंदाना गेट पर रामलीला उत्सव स्थल पर रैली का आयोजन किया। जिसमें बसपा प्रत्याशी मदन लाल गुर्जर ने सुरजेवाला के समर्थन का ऐलान कर दिया। वहीं भाजपा प्रत्याशी लीला राम ने नई अनाज मंडी में डोर टू डोर जन संपर्क किया। वहीं जजपा प्रत्याशी ने भी डोर टू डोर संपर्क किया। कलायत हल्का में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश ने रोड शो किया तो भाजपा प्रत्याशी कमलेश ढांडा ने भी कई गांवों का दौरा किया। वहीं जजपा प्रत्याशी सतविंद्र राणा ने भी कई जगह जनसंपर्क किया। दूसरी ओर गुहला चीका में भाजपा प्रत्याशी रवि तारांवाली, कांग्रेस प्रत्याशी दिल्लू राम बाजीगर, जजपा प्रत्याशी ईश्वर सिंह ने डोर टू डोर जनसंपर्क किया।
15 दिन में 276 जगहों पर आधिकारिक तौर पर रैलियों व जनसभाओं का आयोजन
चुनावी रण में उतरे करीब 75 प्रत्याशियों ने मतदाताओं से अपना समर्थन पाने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगाया। प्रचार के लिए प्रत्याशियों में जनसभाएं करने की होड़ लगी रही। जिले भर के सभी प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने सुविधा पोर्टल पर 276 से ज्यादा अनुमति मांगी।
पूंडरी के प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए किए सबसे ज्यादा 86 आवेदन:-जिले की चारों विधानसभाओं में प्रचार के लिए पूंडरी के चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा 86 आवेदन किए। इसके बाद कैथल में प्रचार माध्यमों की अनुमति के लिए सुविधा पोर्टल पर 80 आवेदन किए गए। कलायत के प्रत्याशियों ने प्रार के लिए अलग-अलग माध्यमों का प्रयोग करने की 61 अनुमतियां मांगी और सबसे कम गुहला में प्रचार की गति रही। गुहला में प्रत्याशियों ने पोर्टल पर कुल 49 आवेदन किए।
चुनावी रण में उतरे उम्मीदवारों ने प्रचार के लिए जिले में 37 अस्थाई कार्यालय खोलने के लिए अनुमति ली। वहीं हेलिकॉप्टर व हेलिपैड के जरिये प्रचार करने हेतु पोर्टल पर 16 आवेदन स्वीकार किए गए। जनसभाएं करने के लिए लाउडस्पीकर के प्रयोग करने की प्रत्याशियों द्वारा 44 अनुमतियां ली गई। इसके अलावा वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार करने की 98 अनुमतियां ली गई। प्रचार के लिए निर्दलीय उम्मीदवारों के आवेदन चारों विधानसभाओं में सबसे ज्यादा रहे। निर्दलीय उम्मीदवारों ने कुल 63 आवेदन किए। इसके बाद भाजपा के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने 59 आवेदन कर प्रचार की अनुमति मांगी। आवेदनकर्ताओं में तीसरे नंबर पर जजपा व चौथे पर कांग्रेस रही। जजपा के कुल 29 व कांग्रेस के 24 आवेदन पोर्टल किए गए। वहीं सर्वहित पार्टी ने 25, आप पार्टी ने सात, इनेलो ने सात व बसपा ने 13 आवेदन प्रचार की अनुमति के लिए किए।
सीटीएम सुरेश राविश ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार को शाम छह बजे प्रचार बंद हो गया है। अब कोई भी प्रत्याशी अपने समर्थन में वोट डालने के लिए प्रचार नहीं करेगा।
डीसी डा. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिले में चुनाव प्रचार शनिवार सांय 6 बजे तक ही किया जा सकता था। प्रशासन के पास अब तक प्रचार करने की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिले भर में 21 अक्तूबर को पूरी शांति व व्यवस्था के साथ चुनाव करवाया जाएगा।
सूक्ष्म पर्यवेक्षक रखें ध्यान:-सामान्य पर्यवेक्षकों डॉ. राजेश शर्मा तथा बिपिन मांझी ने सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को भारत निर्वाचन आयोग की आंख, कान व नाक की संज्ञा देते हुए उन्हें हमेशा सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म पर्यवेक्षक चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करते हुए वास्तविक रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा पीठासीन अधिकारी के कार्य में हस्तक्षेप न करें। वे पीठासीन अधिकारी को आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के किसी चरण की जानकारी अवश्य दे सकते हैं। जिसमें मॉकपाल की प्रक्रिया सहित मतदान शुरू करवाने सहित सभी तरह के निर्देश शामिल हैं।
नंबरदारों से सहयोग की अपील:-डीसी ने सभी नंबरदारों की बैठक में उनसे चुनाव में सहयोग की अपील की है। सभी नंबरदार अपने-अपने गांवों में इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कोई भी चुनाव प्रत्याशी या राजनीतिक पार्टी मतदाताओं को मत के बदले कोई प्रलोभन या दबाव न डाल सके। हर मतदाता स्वेच्छा से नीडर होकर तथा बिना किसी प्रलोभन व दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
पटवारियों को जारी किए निर्देश:-डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने पटवारियों व ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि वे 21 अक्तूबर को मतदान के दिन सतर्क रहें तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि वे वृद्घ व्यक्तियों के सम्पर्क में रहें तथा गांव में शांति बनाए रखने में अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करें। सभी पटवारी व ग्राम सचिव संवेदनशील क्षेत्रों में मुस्तैदी से कार्य करें।
आज दी जाएंगी मतदान पेटियां, सुबह होगी रिहर्सल:-डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2019 के लिए मतदान पार्टियों की 20 अक्तूबर को सुबह साढे 8 बजे फाईनल रिहर्सल करवाई जाएगी तथा मतदान पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित करके मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि 20 अक्तूबर को जिला के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में मतदान पार्टियों की फाईनल रिहर्सल की जाएगी तथा उन्हें चुनाव सामग्री वितरित की जाएगी। कैथल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए आरकेएसडी कॉलेज, पूंडरी एवं कलायत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय तथा गुहला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए चीका स्थित डीएवी कॉलेज में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में मतदान पार्टियों की फाईनल रिहर्सल करवाई जाएगी। इसके बाद मतदान पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित करके मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।