कैथल। शहर की महादेव कॉलोनी में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी पड़ोसन पर गाली-गलौज करने, धक्का देकर जमीन पर गिराने और लात-घूंसों से पीटने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, मारपीट के कारण उसके कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में महादेव कॉलोनी निवासी राजरानी ने बताया कि उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं और वह अपने बड़े बेटे के साथ रहती है। 27 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे वह अपनी पोती को ट्यूशन से लेने जा रही थी। थकान होने के कारण वह एक मकान के बाहर बने चबूतरे पर बैठ गई। इसी दौरान उसकी पड़ोसन रिंपी वहां पहुंची और उस पर पड़ोसियों के सामने चुगली करने का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगी।
राजरानी ने आरोप लगाया कि रिंपी ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। नीचे गिरने के बाद भी आरोपी ने उसे लात-घूंसों से पीटा और गला दबाने का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर चली गई।
जांच में कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर मिला
परिजनों ने घायल महिला को सरकारी अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया। बाद में उसे उपचार के लिए लार्ड रामा अस्पताल ले जाया गया। डीएसपी सुशील प्रकाश के अनुसार, सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में महिला को दो चोटें दर्ज की गई थीं। दोनों चोटों पर हड्डी रोग विशेषज्ञ की राय मांगी गई। एक्स-रे रिपोर्ट में कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। डीएसपी ने बताया कि महिला के बयान दर्ज किए गए। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना शहर कैथल में रिंपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 117(2) और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।