संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के चंदाना गेट स्थित सैनी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की उड़न दस्ता की टीम ने वीरवार को 10वीं के पंजाबी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले आठ विद्यार्थियों को पकड़ा है। इस मामले में बोर्ड की टीम ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वीरवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की दसवीं कक्षा का पंजाबी का पेपर था, जिसमे आठ विद्यार्थी दूसरे की जगह पर पेपर देते हुए पाए गए। इसमें उड़न दस्ता की टीम ने कलायत बड़सीकरी गांव निवासी अजय, प्रदीप, सांघन गांव निवासी सुखविंदर, छौत निवासी अभिलाष, धनौरी निवासी अनुराग, जींद जिले के नरवाना निवासी दीपक, पंजाब के संगरूर के करोदा गांव निवासी अमित, जींद जिले के डागी गांव निवासी गुरदीप दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए हैं।
इस मामले में कैथल परीक्षा केंद्र नियुक्त पर्यवेक्षक पंजाबी की प्रवक्ता बिंदु रानी शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी नियमों की अवहेलना एवं ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया है। यह कार्रवाई हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने की है।
गौरतलब है कि उड़नदस्ता की टीम ज्यादातर ओपन स्कूल के परीक्षा केंद्रों का दौरा कर निरीक्षण कर रही है ताकि यहां पर नकल की हर प्रकार संभावनाओं को खत्म किया जा सकें।