संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हाल ही में हरियाणा और केंद्रीय बोर्ड की ओर से 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम जारी हुए थे। ऐसे में अब अगले महीने से ही मिशन एडमिशन शुरू हो जाएंगे। इसलिए अब उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों में कोर्स व सीटों को बढ़ाने की कवायद शुरू हो चुकी है।
गौरतलब है कि एक तरफ जहां निजी कॉलेज विभाग से कोर्स शुरू करने की अनुमति मांग रहे हैं। वहीं, इस मामले में सरकारी कॉलेज भी पीछे नहीं हैं।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत के आह्वान पर धनौरी के राजकीय कॉलेज में भी नए कोर्स लाने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने सरंपच से मिले प्रार्थना पत्र पर यहां पर उच्चतर शिक्षा विभाग से बीकॉम कोर्स शुरू करने की मांग की है।
इसके साथ ही यहां पर पहले ही संचालित हो रहे बीए के कोर्स में सोशोलॉजी, म्यूजिक व साइकोलॉजी विषय लाने की मांग की है ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
धनौरी के राजकीय कॉलेज में अभी केवल बीए का ही कोर्स
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से धनौरी गांव में पिछले साल ही सरकारी कॉलेज की शुरूआत की थी। इस बार कॉलेज में दूसरा सत्र है। यहां पर अभी केवल बीए की 160 सीटें हैं। यह बीए कोर्स में सोशोलॉजी, म्यूजिक व साइकोलॉजी विषय लाने की मांग विभाग से की जा रही है। यदि यहां पर नया कोर्स शुरू होने के साथ नए विषय आते हैं तो यहां पढ़ाई करने के लिए आने वाले विद्यार्थियों को काफी सहूलियत होगी। यहां पर बीकॉम शुरू करने की अनुमति मिली तो प्रथम सत्र में 80 सीटें मिलेंगी।
धनौरी गांव के सरपंच कपिल ढांडा ने ग्राम पंचायत की ओर से बीए कोर्स में नए विषय लाने और नया कोर्स शुरू करने की मांग की गई है। इस मांग को पत्र के माध्यम से उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास भेज दिया गया है। उम्मीद है कि इस बार शुरू होने वाले नए सत्र में नए कोर्स व बीए विषय में नए विषय आ जाएंगे।
- मनोज कुमार भांबू, प्राचार्य, राजकीय कॉलेज, कैथल।