अमेरिका के बीथेल विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के बीस विद्यार्थी अगले दस दिनों तक कैथल की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत सहित शैक्षणिक, स्वास्थ्य व अन्य पहलूओं पर शोध करेंगे। इस विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी हर साल किसी ना किसी देश में जाकर वहां के इलाकों की रिपोर्ट तैयार करते हैं। इस बार ये विद्यार्थी भारत आए हैं। भारत में भी जिले की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था संभव की अगुवाई में वे कैथल में अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए पहुंचे हैं। संभव संस्था का मुख्यालय गांव तितरम में हैं। जहां निदेशक कुमार मुकेश की अगुवाई में समय-समय पर सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम होते रहते हैं।
बुधवार को प्रो. स्कॉट विंटर की अगुवाई में पहुंचे 20 विद्यार्थियों के शोध दल के स्वागत में गांव तितरम की रंगशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें गांव के युवाओं सहित आरकेएसडी कॉलेज के से राजीव शर्मा व अनिल भारती ने लोक नृत्य, लोकगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रो. स्कॉट ने बताया कि वे पहले भी इंडिया में आ चुके हैं। संभव से कुमार मुकेश उनके परिचित हैं। इस कारण इस बार शोध का क्षेत्र कैथल चुना गया हे। जिसमें पत्रकारिता के बीस स्टूडेंट उनके साथ यहां शोध के लिए आए हैं। कुमार मुकेश ने बताया कि ये विद्यार्थी अगले दस दिनों तक अलग-अलग टीमों में शामिल होकर उनके पाठ्यक्रम के मुताबिक यहां की संस्कृति, रहन, सहन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के मुद्दों को समझते हुए प्रोजेक्ट तैयार करेंगे। अगले दस दिन तक कैथल जिले के प्राथमिक शिक्षा, ऐतिहासिक स्मारक, धर्मिक स्थल, रीति-रिवाजों का अध्ययन करेंगे। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में संभव की ओर से कुमार मुकेश, विक्रम, जगबीर, रामफल मलिक, सोनिया, विकास, ओपी कुंडू, रीना, गीता, मनीषा, आस्था, मिट्ठू लाल, धर्मपाल ने सहयोग किया।