संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा रोडवेज की ओर से यात्रियों को ऑनलाइन मोड में टिकट देने के लिए शुरू की ई-टिकटिंग मशीनें अब खराब होना शुरू हो चुकी हैं। ई-टिकटिंग मशीनों में तकनीकी खामी आने पर यात्रियों के टिकट नहीं काटे जा पाते हैं। ऐसे में परिचालकों को केवल मैनुअल तरीके से ही टिकट काटने पड़ते हैं।
गौरतलब है कैथल डिपो में इस समय 200 परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीनें मुहैया करवाई गई हैं। इनमें से 15 मशीनें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं जबकि 25 से 30 मशीनें ऐसी है। जिनमें इंटरनेट की समस्या इसे चालू व बंद करने में होती है।
ऐसे हो जाती है मशीन खराब ः रोडवेज के परिचालकों के अनुसार, ई-टिकटिंग मशीनों को शुरू व बंद करने से पहले इंटरनेट जरूरी होना चाहिए। यह मशीनें सर्वर के माध्यम से चलती हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 15 मशीनें पूरी तरह से खराब हो चुकी है। ये सर्वर नहीं उठा पा रही हैं क्योंकि उनमें तकनीकी खामी आ गई थी।
इन ई-टिकटिंग मशीनों को शुरू किए हुए अभी छह महीने का समय भी नहीं बीता है, लेकिन इससे पहले ही यह मशीनें पूरी तरह से खराब होना शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में परिवहन विभाग को इसका नुकसान उठाना पड़ता है।
हरियाणा रोडवेज की ओर से कुछ महीने पहले ही परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीनें दी गई थी। इन मशीनों में कई बार कुछ तकनीकी खामी आ जाती है। इस कारण ही समस्या होती है। अभी डिपो की 15 मशीनें खराब हैं। इनकी जानकारी आला अधिकारियों को दे दी गई है। इसके बाद इनकी जगह पर नई मशीनें आएंगी। - कमलजीत चहल, महाप्रबंधक, कैथल डिपो।