संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए चलाए गए अभियान के तहत 11 हजार 852 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 15 जगहों पर डेंगू का लार्वा मिला। वहीं, 20 लोगों के खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनकी रिपोर्ट मंगलवार को आएगी।
अब तक 1034 लोगो के सैंपल लिए गए हैं। पूरे जिले में 1129 जगहों पर लार्वा मिलने के बाद नोटिस जारी किया है। सोमवार को उच्च अधिकारियों सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ नीरज मंगला के निर्देशाें पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवबन के सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से जागरूकता सर्वे अभियान चलाया हुआ है।
डेंगू रोधी माह के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र तितरम का सर्वे हुआ। विभाग के आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरे गांव में लोगों के घरों में खड़े पानी के खुले स्त्रोतों में कूलर, टंकी, होदी, फ्रिज ट्रे, टायर, मटके, गमले, पक्षियों के पीने के पानी के बर्तन इत्यादि खड़े पानी के खुले स्त्रोतों में लार्वा की जांच की। इस मौके पर शिक्षा एएनएम, प्रेमलता एएनएम और सभी आशा वर्कर मौजूद रही।
हेल्थ इंस्पेक्टर कुलदीप चहल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से लोगों को सप्ताह में एक दिन रविवार को ड्राई डे मनाने इसके तहत खड़े पानी के खुले स्रोतों की अच्छे से सफाई करने बारे जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से पंफलेट बांटकर एवं बैठक के माध्यम से भी लोगों को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया।