संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैनात दुर्गा शक्ति की टीम खुद उत्पीड़न का शिकार हो गई है। दुर्गा शक्ति कैथल की टीम ने आरोप लगाया है कि एक महिला की मदद के दौरान जब टीम उसके घर पहुंची तो उसके पति ने न सिर्फ कमरे में बंद कर उनकी पिटाई की बल्कि उसकी अंगुली भी मरोड़ दी। जिससे उसकी अंगुली में फ्रैक्चर हो गया।
महिला सिपाही की शिकायत पर केस दर्ज
कर आरोपी को 14 दिन की रिमांड पर लिया गया है।
दुर्गा शक्ति कैथल टीम में कार्यरत सिपाही प्रियंका ने शहर थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सात जनवरी को कंट्रोल रूम से उन्हें सूचना मिली थी कि कैथल बस स्टैंड पर एक महिला दो-तीन घंटे से खड़ी है। टीम में उनके साथ इंचार्ज एएसआई श्वेता व शिवकुमार भी थे। टीम जब बस स्टैंड पर पहुंची तो एक महिला वहां मिली। उसने अपना नाम नैना पत्नी सुनील कुमार निवासी चिरंजीव कॉलोनी खुराना रोड कैथल बताया और कहा कि उसके पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया है। टीम जब महिला को उसके घर पहुंची तो नैना का पति सुनील गाली गलौज करने लगा।
मकान का गेट बंद कर पीटने का लगाया आरोप
एएसआई श्वेता ने उसे काफी समझाया लेकिन उसने एक नहीं सुनी। आरोप है कि उसने मकान का गेट बंद कर लिया तथा उनके साथ मारपीट करते हुए उनके साथ हाथापाई करने लगा। आरोपी ने उसका हाथ मरोड़ दिया,जान से मारने की धमकी भी दी थी। शहर थाना प्रभारी सनीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में उसे पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे 14 दिन के रिमांड पर लिया है।