संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को शहर में ड्राई डे मनाया। ड्राई डे के तहत विभाग की टीमों ने प्रताप गेट, सीवन गेट, रामनगर और रजनी कॉलोनी में पहुंचकर लार्वा की जांच की। अभी तक जिले में डेंगू के चार संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं, चार लाख से अधिक जगहों पर सर्वे किया गया है। इसमें 550 से अधिक जगहों पर लार्वा मिला था।
रविवार को ड्राई डे मनाते हुए घरों व प्रतिष्ठानों पर सफाई की गई। पानी के बर्तनों को साफ कर ताजा पानी भरा गया। लोगों को बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मलेरिया और डेंगू के लक्षणों के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं।
उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाया जाता है। इसके तहत शहर की कई कॉलोनियों में लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया गया।