कैथल। चौकी रामथली पुलिस ने 180 ग्राम अफीम सहित पिता-पुत्र को काबू किया है। आरोपियों ने नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन सतर्कता से उन्हें पकड़ लिया गया।
आरोपी साधा राम और उसके पुत्र गुरमुख निवासी डेरा बाजीगर चाणचक के रहने वाले है। तलाशी के दौरान गुरमुख के पास से 95 ग्राम और साधा राम के पास से 85 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसका कुल वजन 180 ग्राम है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि चौकी रामथली प्रभारी एसआई राजबीर सिंह की टीम शुक्रवार को गश्त के दौरान गुहला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि सिल्वर रंग की क्रेटा गाड़ी में सवार व्यक्ति अवैध हथियार के साथ खरका से चीका की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर गुहला-चीका रोड पर नाकाबंदी की गई।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार से भागने की कोशिश करते हुए पीछे खड़ी पुलिस गाड़ी को टक्कर मार दी।
आरोपी ने पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी और बार-बार वाहन से रास्ता बनाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों ओर से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
इस दौरान गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपने पास रखी पारदर्शी पॉलिथीन में मौजूद नशीले पदार्थ को निगलने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके मुंह से पदार्थ बरामद कर लिया।
थाना गुहला में प्राथमिकी दर्ज कर एएसआई संदीप कुमार ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी साधा राम को अदालत से चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि गुरमुख को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। संवाद