मानस रोड पर बनाए गए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में डूबने से दो किशोर दोस्तों की रविवार की दोपहर दर्दनाक मौत हो गई। दोनों वहां पर खेलने के लिए गए थे। जहां पैर फिसलने से एक पानी में डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। लेकिन दोनों डूब गए। पुलिस ने एक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है।
मिली जानकारी के अनुसार सिरटा रोड पर गली नंबर 9 निवासी 15 साल का गौरव व 17 साल का साहिल (17) दोनों दोस्त थे। दोनों पट्टी अफ्गान स्कूल में गौरव 8वीं व साहिल 10वीं कक्षा का छात्र था। रविवार को दोनों सिरटा रोड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की ओर खेलने के लिए गए थे। जहां गौरव का तालाब में पांव फिसल गया तो साहिल उसे बचाने लगा। लेकिन दोनों तालाब में डूब गए।
उन्हें देखकर दूसरे बच्चे लोगों को बुलाकर लाए तो तब तक दोनों डूब चुके थे। लोगों ने उन्हें निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से परिवार में मातम की लहर दौड़ गई है। गौरव के तीन बहनें व एक भाई है। जबकि साहिल का एक भाई है। दोनों के पिता मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं।
थाना शहर प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस के पास अभी एक बच्चे गौरव के मरने की सूचना पहुंची है। वह तालाब में डूब गया है। उसका सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। दूसरे बच्चे के बारे में सुना है, लेकिन लिखित में जानकारी नहीं मिली है।