पुलिस स्टेशन में घुस रहा है, नाले का पानी
पूंडरी। कैथल-करनाल मुख्य मार्ग पर गुरु ब्रह्मानंद चौक से पद्माक्षी पैलेस तक हो रहीं फोरलेनिंग का काम सही ढंग से न होने से लोगों में रोष है। एक सप्ताह पहले आनन-फानन में सड़क बनाने का काम शुरू तो कर दिया गया है।
लेकिन अभी तक नाले बनाने का काम भी पूरा नहीं हो पाया है और कई जगहों पर जहां नाले का निर्माण हुआ है, वहां से पानी लीक हो रहा है। नाले में खड़ा गंदा पानी पुलिस स्टेशन पूंडरी में घुस रहा है। नाले का पूरा निर्माण न होने के कारण अभी तो इस नाले में पानी चलना शुरू नहीं हुआ
और जब पानी चलना शुरू होगा तो नाले के पानी से नीची जगहों में पानी भर जाएगा।
लोगों का कहना है कि नाला बनाने के बाद उसकी लिपाई नहीं की गई जिसके कारण उसमें कई जगहों पर लीकेज हो रही है। उधर बीच-बीच में नाले का काम छोड़ देने के कारण अब पानी निकासी का संकट खड़ा हो गया है। फतेहपुर से मुख्य मार्ग को आने वाली कुछ गलियों में पानी भर चुका है, जिस कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ठेकेदार जिस ढंग से सड़क व नाले का निर्माण करवा रहा है।
उससे इस सड़क की मजबूती पर सवालिया निशान जरूर लग सकते है। पानी निकासी के बनाए गए नालों में मिट्टी और ईंटें भरी पड़ी हैं, जिससे इन नालों में पानी चलना गले नहीं उतर रहा। कई जगहों से नाला बनने के कुछ दिन बाद ही टूट भी चुका है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क व नाले का निर्माण सही तरीके से करवाया जाए।