कैथल रोड पर गांव कांगथली व पोलड़ के बीच पाबसर ड्रेन की सफाई करते समय सिंचाई विभाग को जलकुंभी में डूबा ट्रैक्टर-ट्राली मिला। साथ ही इस पर एक नर कंकाल मिला है। यह कंकाल ट्रैक्टर की दाहिनी सीट पर फंसा हुआ था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बरसात की संभावना को देखते हुए सिंचाई विभाग द्वारा ड्रेन को साफ किया जा रहा है। इसी दौरान एक स्थान पर जेसीबी का पंजा टन की आवाज से किसी ठोस चीज से जा टकराया। जेसीबी चालक ने जब जेसीबी के पंजे को पानी में और गहरे उतारा तो ट्रैक्टर ट्राली का पता चला। ड्रेन की सफाई के काम में लगे अमले ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के माध्यम से सीवन पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पहले ट्रैक्टर बाहर निकाला गया उसके बाद ट्राली बाहर आई। ट्रेक्टर ट्राली दोनों की हालत बहुत बुरी हो चुकी है तथा उन्हें देखकर पता लगता है कि दोनों चीजें काफी लंबे अरसे से ड्रेन के गहरे पानी में पड़ी रही होंगी। पुलिस को कंकाल का सिर्फ धड़ मिला है। शरीर के नीचे वाले हिस्से को तलाशने के लिए पुलिस ने ड्रेन को खूब खंगाला लेकिन कोई अन्य अवशेष नहीं मिला।
सर्दियों में हुआ होगा हादसा:
पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर के साथ मिले कंकाल ने सर्दियों में पहनी जाने वाली गर्म बनियान व उसके ऊपर एक कमीज पहन रखी है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हो ना हो ट्रैक्टर सर्दियों में धुंध की वजह से हादसे का शिकार हो गया होगा। हादसे के दौरान चालक उछलकर साथ वाली सीट में फंस गया होगा इसलिए उसका शव भी पानी के ऊपर नहीं आ पाया।
नहीं मिला कोई पुख्ता सुराग
मामले की जांच कर रहे सीवन पुलिस के एसआई इंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली की बहुत बारीकी से जांच चल रही है लेकिन फिलहाल ऐसा कोई सूत्र नहीं मिला है जिससे यह पता चल सके कि ट्रैक्टर ट्राली कहां की थी और उसे कौन चला रहा था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ट्रैक्टर पर कोई पंजीकरण नंबर अंकित नहीं है बस ट्राली के पिछली तरफ एक जगह पंजाब लिखा हुआ है। एसआई ने बताया कि ट्राली की बनावट को देखकर जरूर लगता है कि यह लकड़ी के लट्ठे व शहतीर वगैरह ढोने के काम में लाई जाती होगी।
हर साल होती है सफाई
पाबसर ड्रेन के इंचार्ज सिंचाई विभाग के जेई सलिंद्र कुमार ने बताया कि उक्त ड्रेन चूंकि विभिन्न गांवों के बरसाती पानी के निकास का मुख्य माध्यम है इसलिए हर साल इन्हीं दिनों में इसकी सफाई करवाई जाती है। जेई ने बताया कि ड्रेन की सफाई पिछले साल भी हुई थी तथा उस वक्त वहां कोई ऐसी वैसी चीज नहीं मिली थी।
वहीं पुलिस को ट्रैक्टर पर सिर्फ एक व्यक्ति का कंकाल मिला है लेकिन इस सवाल का जवाब अभी पुलिस को तलाशना है कि क्या हादसे के वक्त ट्रैक्टर को वही कंकाल वाला व्यक्ति चला रहा था जो दुघर्टना के दौरान उछलकर साथ वाली सीट पर जा फंसा हो। या फिर ट्रैक्टर का चालक कोई और था जिसका शव कहीं ड्रेन में फंसा पड़ा हो।