संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैलरम गांव की प्रो. डॉ. इंदू राविश ने दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि पर जिले में हर्ष का माहौल है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज भांबू सहित अन्य प्रोफेसरों ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रो. डॉ. इंदू राविश ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
प्रो. डॉ. इंदू राविश के पति डीपीई फूल कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता दिल्ली के विनय मार्ग स्पोटर्स कॉम्प्लेक्स में 21 से 24 मार्च तक आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 19 टीमों ने भाग लिया। हरियाणा महिला खो-खो टीम की ओर से खेलते हुए प्रो. इंदू ने दमदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक पर कब्जा किया।
इससे पहले, 10 मार्च को रोहतक में हरियाणा टीम के लिए ट्रायल आयोजित किया गया था, जिसमें प्रो. इंदू ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर टीम में स्थान पाया।
पिछले वर्ष हुई इसी प्रतियोगिता में प्रो. इंदू राविश ने स्वर्ण पदक जीता था, और इस बार भी उन्होंने कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता में हरियाणा टीम ने राजस्थान, ओडिशा, कर्नाटक और गुजरात को हराकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र से कड़े मुकाबले में एक अंक के अंतर से हार गई, जिसके बाद कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में उन्होंने जीत दर्ज की।
डीपीई फूल कुमार ने बताया कि प्रो. डॉ. इंदू जो की डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय में पीएचडी जेआरएफ, रसायन विभाग की सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। इनकी इस उपलब्धि पर उनके गांव कैलरम में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। वहीं डीपीई फूल कुमार ने कहा की यह संघर्ष और समर्पण खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणा है। इस मौके पर ग्रामीणों और महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।