ढांड। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढांड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रिंसिपल रेनू बाला ने कहा कि योग करने से न केवल मानसिक शांति मिलती है, बल्कि शरीर भी स्वस्थ और सशक्त बनता है।
उन्होंने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली के चलते यह धीरे-धीरे उपेक्षित होता गया, जिसके कारण अनेक शारीरिक व मानसिक रोग बढ़ते गए। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और इससे लाभ उठाएं।
शिविर में आयुष विभाग की ओर से योग सहायक राजकुमार, विजय कुमार और सुनील कुमार ने स्कूल विद्यार्थियों, पंचायत एवं खेल विभाग के कर्मचारियों तथा अधिकारियों को योगाभ्यास करवाया। इस दौरान प्रतिभागियों को योग के मूल सिद्धांत, विभिन्न आसनों व प्राणायाम की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आयुष विभाग के योग सहायकों ने सभी प्रतिभागियों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पोर्टल पर पंजीकरण करवाने की भी अपील की। इस अवसर पर डॉ. ममता, रोबिन, रवि कुमार सहित शिक्षा, पंचायत और आयुष विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद