हरियाणा के कैथल में सीआईए वन की टीम ने बीरबांगडा के पास से एक ट्रक में रखे 14 कट्टों से पांच लाख रुपये से भी अधिक कीमत का 140 किलो 918 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। इसके बाद ट्रक के चालक व परिचालक को गिरफ्तार किया है। डोडा पोस्त की कीमत पांच लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है।
विज्ञापन
डीएसपी हैडक्वाटर कुलवंत सिंह ने बताया कि 21 व 22 मार्च की रात को पुलिस राजौंद अलेवा रोड पर गश्त कर रही थी, जहां पर पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक में डोडापोस्त लाया जा रहा है। जिसका मालिक मंडवाल निवासी रणजीत सिंह है। मंडवाल निवासी गुरदेव सिंह चालक व मंडवाल निवासी अवतार सिंह परिचालक रहता है। जो कई दिन से मध्य प्रदेश गए हुए हैं और इसी रास्ते से ट्रक लेकर मंडवाल जाएंगे।
वहां नाकाबंदी करके ट्रक की तलाशी ली जाए तो काफी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है। जहां थोड़ी देर बाद अलेवा की तरफ से आए ट्रक को रुकवा कर चालक व परिचालक मंडवाल निवासी गुरुदेव व अवतार उर्फ जश्न को काबू कर लिया गया। पकडे़ गए आरोपियों को आठ दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस द्वारा दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार राजौंद हरिकिशन के समक्ष नियमानुसार कार्रवाई की। ट्रक के केबिन के अंदर चालक सीट के पीछे बनी स्लीपिंग सीट के ऊपर बने तिकोना केबिन में रखे 14 कट्टों से 140 किलो 918 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि यह डोडापोस्त वे राजस्थान से लाए थे। आरोपी मंडवाल व पंजाब में डोडा पोस्त को सप्लाई करना चाहते थे। ट्रक में फ्रिज भी रखे थे।