पूर्व सीएमओ डा. जयभगवान जाटान के निलंबन के विरोध में 14 और 15 अक्तूबर को प्रस्तावित आंदोलन को डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्थगित कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आश्वासन पर यह फैसला लिया गया है।
विदित रहे कि विधायक लीला राम की शिकायत पर सीएमओ डा. जयभगवान जाटान को सात अक्तूबर को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने निलंबित कर दिया था। सीएमओ ने इसका कारण पीएनडीटी एक्ट के तहत की गई रेड पर विधायक की बात नहीं मानना बताया था। वहीं विधायक ने फोन करने की बात से इंकार कर दिया था। लेकिन बाद में विधायक की ऑडियो भी वायरल हुई थी। इसी बीच डॉक्टर्स एसोसिएशन ने 14 अक्तूबर को काले बिल्ले लगाकर काम करने व 15 अक्तूबर को दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल करके विरोध करने का फैसला लिया था। इसी बीच मंगलवार को सांय के समय डॉक्टर्स एसोसिएशन की स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ बैठक हुई। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसिज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डा. जसबीर सिंह पंवार ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ हुई बैठक में डॉ. जयभगवान जाटान के निलंबन को वापस लेने की मांग की गई। एसोसिएशन ने सभी तथ्य स्वास्थ्य मंत्री के सामने रखे। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने भी स्वीकार किया कि बिना जांच के सीएमओ का निलंबन हुआ है। इसीलिए एक सप्ताह में उन्होंने यथास्थिति बहाल करने का आश्वासन दिया है। जिस कारण एसोसिएशन ने अपना आंदोलन सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है।