नगरपालिका राज्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मियों ने गेट मीटिंग कर सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ जमकर रोष जताया। मीटिंग की अध्यक्षता संघ के ब्लाक प्रधान राकेश ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के प्रति रोष जताते हुए जनता के बीच जाकर पर्चे बांटे। ब्लाक प्रधान ने बताया कि 13 से 15 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी शहरों, मुख्य बाजारों, गलियों में जाकर सरकार के वादाखिलाफी के बारे में लोगों को पर्चे वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 व 29 अक्टूबर को नगरपालिका सफाई कर्मचारी 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे। अगर फिर भी प्रदेश सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो 8 नवंबर को शहरी निकाय के आवास पर विशाल आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। ब्लाक प्रधान ने बताया कि हमारी मुख्य मांगे जिसमें ठेका प्रथा समाप्त करके सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, कर्मचारियों को समान काम समान वेतन दिया जाए, जोखिम भत्ता 4000 रुपये तुरंत दिया जाए, कोरोना काल में कर्मचारी की मौत पर 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता मंजूर की जाए, कच्चे कर्मचारियों को समान काम समान वेतन लागू किया जाए सहित कई अन्य मांगे है। इस दौरान एस के एस के ब्लाक सचिव रामफल ने संबोधित किया। इस मौके पर रोहताश सचिव, राजेंद्र उपप्रधान, बंटी कैशियर, जसबीर, शीशपाल, प्रेम, संदीप, अन्नु, बबली, सतवीर, सोनू मौजूद रहे।