गुहला-चीका। वीरवार को एसडीएम मनीष कुमार यादव ने समाधान शिविर के दौरान आमजन की शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से कई शिकायतों का निपटारा करवाया। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से लंबित शिकायतों के बारे में पूर्ण फीडबैक लिया। समाधान शिविर के दौरान जहां आमजन ने शहर में साफ-सफाई करवाने, शहर की कुछ सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, बुढ़ापा पेंशन न लगने और खेतों के रास्तों का निर्माण करवाने की शिकायत एसडीएम को दी।
वहीं कुछ लोगों ने गांवों में गलियों के निर्माण करवाने, गांवों में अवैध कब्जे हटवाए जाने के साथ-साथ तालाबों और खेल स्टेडियम की साफ-सफाई करवाने की शिकायत एसडीएम को दी। एसडीएम ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि उचित और पूरी की जाने वाली शिकायतें या समस्या लेकर ही समाधान शिविर में आएं। झूठी या आपसी विवाद में की गई शिकायत लेकर समाधान शिविर में न आएं। झूठी शिकायतें देने वाले के खिलाफ प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर चीका नगर पालिका सचिव सलेंद्र शर्मा, सिंचाई विभाग से एसडीओ अजमेर सिंह, कृषि विभाग से एसडीओ कंचन शर्मा और एसईपीओ चंचल मौजूद रहे।