संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला कैथल को सभी सरकारी योजनाओं का जल्द लाभ पहुंचाने पर प्रदेश में द्वितीय पुरस्कार मिला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सोमवार को पंचकूला में सुशासन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह पुरस्कार दिया गया।
जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम कपिल कुमार, डीआईओ दीपक खुराना, तत्कालीन डीडीए रहे डॉ. महावीर सिंह ने पुरस्कार को प्राप्त किया उपायुक्त प्रशांत पंवार ने कहा जिला में सभी सेवाओं को समयबद्ध तरीके से नागरिक तक पहुंचाया जा रहा है। भविष्य में भी इसी तरह सुशासन से जुड़ी सभी सेवाओं को जिला वासियों तक पहुंचाया जाता रहेगा।
इसके दृष्टिगत सरल केंद्रों, अंत्योदय भवनों में संबंधित स्टाफ की नियुक्तियां की गई हैं। ऑनलाइन व्यवस्था से संबंधित व्यक्तियों तक सेवाओं व योजनाओं का लाभ सरकार के निर्देशानुसार तय सीमा अनुसार दिया जा रहा है।
सुशासन की परिपाटी पर चलते हुए कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए गए हैं, जिसे आने वाले समय में जिला और आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी और आगे इसी तरह काम करने की प्रेरणा दी।