Dissatisfied group announced to expel Daduwal
- फोटो : Kaithal
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के असंतुष्ट धड़े की एक बैठक कमेटी के वरिष्ठ सदस्य दीदार सिंह नलवी की अध्यक्षता में यहां गुरुद्वारा साहब में हुई। जिसमें करीब आधा दर्जन कमेटी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कमेटी के अध्यक्ष संत बलजीत सिंह दादूवाल को निष्कासित करने का एलान किया गया। दूसरी ओर कमेटी सचिव ने इस बैठक को गैर कानूनी बताते हुए कहा कि नलवी गुट के पास कहने व सुनने को कुछ नहीं है।
बैठक में दीदार सिंह नलवी ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल ने जो कार्यकारिणी का गठन किया है, वह गैर कानूनी है। कमेटी के गठन में हाउस का बहुमत होना बहुत जरूरी है, परंतु कमेटी का गठन करते समय हाउस में मौजूद सदस्यों की संख्या बहुमत से कम थी, जिसके चलते प्रधान दादूवाल द्वारा बनाई गई कमेटी पूरी तरह गैरकानूनी है। बैठक में कमेटी के सदस्यों व संगत से हाथ उठवा कर प्रस्ताव पास करवाया कि वे दादूवाल को प्रधान के पद से ही बर्खास्त करते हैं। उन्होंने दादूवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि दादूवाल ने अपने एक साल के कार्यकाल का कोई हिसाब-किताब नहीं दिया।
बैठक के शुरू होते ही कुछ महिलाएं बैठक में आ गई और उन्होंने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। रोष जता रही महिलाओं ने मंच से बोलने का समय मांगा, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया गया। जिस कारण इन महिलाओं ने नलवी गुट के खिलाफ नारेबाजी की तो नलवी गुट के लोगों ने भी दादूवाल के खिलाफ नारेबाजी की। बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ।
दूसरी तरफ हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सचिव चनदीप सिंह खुराना ने असंतुष्ट गुट की बैठक को गैरकानूनी बताया और कहा कि दादूवाल चुनकर प्रधान बने हैं और उन द्वारा किए जा रहे कार्य गुरु घर व समाज के हित में है। कथित रूप से असंतुष्ट गुट के पास कहने व करने को कुछ नहीं है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दादूवाल की अध्यक्षता में समाज के हित में काम कर रही है और करती रहेगी।