संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। किसान भवन में हुई भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा की बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर गहन चर्चा हुई और मार्केट कमेटी के माध्यम से हरियाणा सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान मांगेराम ने की। बैठक में राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी, प्रदेश महासचिव भूराराम पबनावा, साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बलवान पाई सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर प्रदेश महासचिव भूराराम पबनावा ने कहा कि धान की फसल को समर्थन मूल्य पर बेचना चाहिए और सरकारी बोली सुचारू रूप से करवाई जाए। उन्होंने बताया कि आसपास की मंडियों में धान के दाम में 200 से 400 रुपये का अनियंत्रित कट लगाया जा रहा है, जो सरासर लूट है। इसके अलावा, कई मंडियों में तोल में दो से तीन किलो तक की अनियमितता हो रही है, और आढ़ती इसमें हेराफेरी कर रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
भूराराम पबनावा ने चेतावनी दी कि किसान मोर्चा पहले ही छोटे कर्मचारियों से मुख्यमंत्री तक कई बार मिल चुका है, लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। यदि सरकार जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाती है, तो किसान आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। बैठक के बाद किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन मार्केट कमेटी सचिव गुलाब नैन को सौंपा। सचिव ने आश्वासन दिया कि किसानों की मांगों को उचित माध्यम से सरकार तक पहुँचाया जाएगा। इसके बाद सभी किसान अग्रवाल धर्मशाला, पूंडरी में विधायक सतपाल जांबा से भी मिले और उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने किसानों की बात सुनी और आश्वासन दिया कि वे अनाज मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों की समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास करेंगे।
बैठक में बलबीर सिंह हाबड़ी, कुलविंद्र नंबरदार, सुरेश बंदराना, जगदीश पाई, भाना राम पाई, पालाराम संगरौली, लक्खा सिंह, जय सिंह, रामकुमार फतेहपुर और ईश्म सिंह उपस्थित रहे।