कलायत। अस्पताल तक जाने वाले एकमात्र मार्ग पर गंदा पानी जमा होने से मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों के लिए भारी परेशानी का कारण बना हुआ है। पिछले काफी लंबे समय से इस मार्ग पर गंदे पानी व कीचड़ का जमाव है। निदेशक स्वास्थ्य विभाग ने भी मरीजों व कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर समस्या निपटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग इस मामले में उदासीन बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वार्ड नंबर 11 की इंद्रा कॉलोनी के लोग, अस्पताल में आने वाले मरीज व स्थानीय नागरिक समस्या के समाधान के लिए राज्यमंत्री, नगरपालिका प्रशासन व जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर चुके हैं। वार्ड नंबर 11 निवासी सतपाल का कहना है कि यह मार्ग पिछले चार साल से लोगों के लिए समस्या का कारण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पूरे उपमंडल से लोग अपना इलाज करवाने के लिए आते हैं। अस्पताल तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह से कीचड़ व गंदे पानी से लबालब होने के कारण लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। रास्ता न होने के कारण मरीजों, स्टाफ व वार्ड 11 के लोगों को मजबूरन गंदे पानी व कीचड़ से निकलना पड़ता है। लोगों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता कुलदीप गिल ने बताया कि गली व पूरी इंद्रा कॉलोनी रेलवे रोड से नीची पड़ती है। इस लिए इस क्षेत्र के सीवर का पानी मुख्य सीवरेज में नहीं आ पाता। विभाग ने इस समस्या के समाधान के लिए कार्यवाही आरंभ कर दी है। जल्द इस कार्य को पूरा कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।