पुलिस की गाड़ी 112 में पड़ी शराब की बोतल। सोशल मीडिया
कैथल। सीवन क्षेत्र में सोमवार रात डायल 112 की गाड़ी मकान के गेट से टकरा गई। इस मामले में पुलिस ने वाहन में सवार तीन कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि तीनों पर बीएनएस की धारा 281, 125ए, 54 और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। विभागीय जांच की जिम्मेदारी डीएसपी क्राइम सुशील कुमार को सौंपी गई है। तीनों कर्मचारियों का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार में गेट से टकराई गाड़ी
सीवन थाने में दी शिकायत में कुलदीप सिंह चीमा ने बताया कि 24 अगस्त की रात करीब नौ बजे डायल 112 की गाड़ी तेज रफ्तार में उनके मकान के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसका टायर भी फट गया। गाड़ी में एसपीओ जागीर सिंह, एसपीओ सुखविंद्र और ईएचसी दीपक सवार थे। चालक ने गाड़ी को वहां से आगे ले जाने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे रोक लिया। इस दौरान वाहन में शराब की बोतल भी दिखी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभी कर्मचारी नशे में थे। जिस कारण गाड़ी कंट्रोल नहीं हुई है।
वीडियो में पुलिसकर्मी से सवाल करते दिखे लोग
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक पुलिसकर्मी से शराब पीकर वाहन चलाने के बारे में सवाल करता दिखाई दे रहा है। इसमें एक युवक पुलिसकर्मी से पूछ रहा है कि शराब पी है या नहीं? इस पर पुलिसकर्मी जवाब देता है, तो क्या हो गया। सूचना मिलने पर सीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने डायल 112 के तीनों कर्मचारियों को धक्के मारकर पीसीआर में बैठाया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 जैसी आपात सेवा में तैनात कर्मचारियों के नशे में होने पर सवाल उठाए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराई मेडिकल जांच
सीवन थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि तीनों कर्मचारियों की मेडिकल जांच करवाई गई है। मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।