संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगर पालिका उपाध्यक्ष पूजा शर्मा, उनके पति राजीव शर्मा और सफाई ठेकेदार के कर्मचारी मनोज कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में बुधवार को नागरिकों ने चीका थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताया और मांग की कि मनोज कुमार की एससी/एसटी एक्ट के तहत दी गई शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज किया जाए। राजीव शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि घटना के समय वह शहर से बाहर थे, और यदि उनका संबंध सिद्ध होता है तो वे पत्नी का इस्तीफा दिलवा देंगे।
राजीव ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर उनकी पत्नी की कुर्सी छीनना चाहते हैं और किसी कांग्रेसी को पालिका उपाध्यक्ष बनाना चाहते हैं। मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलदीप बैनीवाल ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। यदि मनोज कुमार के पास जाति सूचक शब्द कहे जाने के कोई प्रमाण (वीडियो/गवाह) हैं, तो वे गुरुवार को डीएसपी कार्यालय में प्रस्तुत करें। प्रमाण सही पाए गए तो एससी एक्ट में केस दर्ज होगा और झूठी शिकायत देने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
उधर, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह पालिका के अंदरूनी विवाद हैं, उनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कुछ लोगों को सम्मान दिया, लेकिन वे उसे संभाल नहीं पाए।