संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/सीवन। जिले में कई जगहों पर चल रहे गणेश महोत्सव के कार्यक्रमों में भक्ति की गंगा बह रही है। सीवन के शांति मोहल्ला सेवा समिति के कार्यक्रम में वीरवार की संध्या भक्ति और उत्साह से सराबोर रही। कार्यक्रम के दौरान मेरे लाडले गणेश... गीत पर भक्त जमकर झूमे।
शांति मोहल्ला सेवा समिति और बोह पट्टी युवा मित्र मंडल की ओर से आयोजित किए गए भजन संकीर्तन में भजनों पर भक्तों ने आनंद उठाया। शांति मोहल्ला में कार्यक्रम का शुभारंभ श्री बाबा श्याम परिवार के प्रधान व पार्षद संजय कंसल, सदस्य संजू पंसारी, प्रवेश चुटानी, अमित गर्ग और पार्षद रामदास ने किया।
समिति के प्रधान सुनील मुंजाल व संरक्षक राहुल कक्कड़ ने बताया कि प्रतिदिन हो रहे संकीर्तन में श्रद्धालुओं की संख्या और भक्ति भाव निरंतर बढ़ रहा है। गणेश प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को नगर में भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।
बोह पट्टी मोहल्ला में आयोजित भजन संध्या में भजन गायक जीत कामरा, मोंटी कामरा और राजीव मिड्डा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मोंटी कामरा के भजन “साथी हमारा कौन बनेगा...” और राजीव मिड्डा के “मेरे लाडले गणेश...” पर पंडाल गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना से हुई और राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन पर सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण हुआ। मंडल के सदस्य टेनिस तनिष शर्मा और सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि भगवान गणपति जी की प्रतिमा का विसर्जन छह सितंबर को हवन और पूजन के बाद किया जाएगा। इस अवसर पर विक्की धीमान, विक्रांत, माधव, शुभम, वंश, मयंक, चिराग, राधे, कुणाल, राजेंद्र कामरा, सचिन, दीपू, तरुण, मूर्ति, ज्योति श्रद्धालु मौजूद रहे।