संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की वैध हुई नई कॉलोनियों के लोगों के लिए राहत भरा समाचार है। नगर परिषद ने वैध हुई नई कॉलोनियों सहित शहर की अन्य कॉलोनियों में करीब नौ करोड़ रुपये के विकास कार्यों के कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी कर दिए हैं। इसमें सबसे अधिक वार्ड नंबर 12 के अधीन आने वाली कॉलोनियों में यह विकास कार्य करवाएं जाएंगे। इससे कॉलोनियों के लोगों में खुशी है।
गौरतलब है कि सरकार ने वर्ष 2023 की जुलाई में ही 20 कॉलोनियां वैध की थी। इससे पहले जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से भी करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। इसमें सीवरेज और पानी की पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है।
ये करवाए जा रहे कार्य ः नगर परिषद की ओर से जारी किए गए वर्क ऑर्डर के तहत शहर की नई वैध हुई कॉलोनियों सहित अन्य कॉलोनियों में गली निर्माण, सड़क निर्माण, पाइपलाइन और अन्य विकास कार्य करवाएं जाएंगे। इसके साथ ही इन कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम भी नगर परिषद की ओर से करवाया जाएगा।
इससे पहले भी नई वैध हुई कॉलोनियों में करोड़ों के विकास कार्य करवाने के लिए पिछले साल ही निविदा सूचना जारी की थी। नगर परिषद की अध्यक्ष का कहना है कि शहर लोगों को भाजपा सरकार की ओर से बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं।
नगर परिषद की ओर से वैध हुई नई कॉलोनियों सहित शहर की अन्य कॉलोनियों में करीब नौ करोड़ रुपये के विकास कार्यों के वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। इसके बाद अब इन विकास कार्याें को पूरा करवाने के लिए जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके बाद शहर के लोगों को और अधिक बेहतर सुविधा मिल जाएगी। सुरभि गर्ग, अध्यक्ष, नगर परिषद, कैथल।
कहां कितनी राशि से होंगे ये विकास कार्य
विकास कार्य
राशि लाख में
सैंसी बस्ती से जींद रोड बाइपास तक गली का निर्माण
50.41
अनाज मंडी में पानी पाइपलाइन डालने का कार्य
31.59
वार्ड नंबर 13 में वैध हुई नई जनकपुरी एक्टेंशन एक में गली का निर्माण
49.95
पुराना बाइपास रोड से करनाल रोड से जींद रोड तक रास्ते का निर्माण
40.23
वार्ड नंबर 12 में वैध हुई नई मायापुरी कॉलोनी में गली का निर्माण
114.47
मुख्य बाजार में स्ट्रीट लाइट लगाने और गली का निर्माण कार्य
41.99
विस्तार अनाज मंडी के पास बनी गोशाला में शेड का निर्माण 42.34
वार्ड नंबर 12 में वैध हुई नई शुगर मिल पार्ट-3 में गली निर्माण 36.61
वार्ड नंबर 23 में स्वर्ण जयंती पार्क का निर्माण 126.77
वार्ड नंबर सात में वैध हुई नई पंथ नगर कॉलोनी में गली निर्माण 172.67
वार्ड नंबर 12 में वैध हुई नई रणधीर कॉलोनी फेस वन में गली निर्माण 115.13
वार्ड नंबर 12 में वैध हुई नई ऑक्सफोर्ड कॉलोनी में गली निर्माण 148.88