संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट हाई स्कूल सोसाइटी चुनाव के तहत मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत पहले दिन 46 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे। बुधवार को भी नामांकन पत्र भरे जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि जाट हाई स्कूल सोसाइटी के 75 कॉलेजियम का चुनाव आगामी दो फरवरी को होना है। इसी कड़ी में पहले दिन 46 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया 22 जनवरी को सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि नामांकन भरने के लिए इच्छुक उम्मीदवार सोसाइटी द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र के अतिरिक्त दो फोटो युक्त सरकार की ओर से जारी पहचान पत्र व चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि नामांकन की फीस 11 हजार रुपये होगी, जो नॉन-रिफ़ंडेबल होगी। नामांकन की फीस केवल डिमांड ड्राफ्ट या चैक से ही स्वीकार की जाएगी। प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 23 जनवरी को की जाएगी। इसके बाद 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा।
चुनाव चिह्न 25 जनवरी को दिए जाएंगे। इसके बाद दो फ़रवरी को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जाट कॉलेज कैथल में मतदान होगा। उसी दिन शाम को परिणाम घोषित किया जाएगा।