गांव तितरम में पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नूंह हिंसा के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होने चाहिए, अब तक 350 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। कलायत हलके के कई गांवों में जनसभाओं को संबोधित किया है।
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को कलायत हलका में पहुंचे। उन्होंने हलके के कई गांवों में जनसभा को संबोधित कर गठबंधन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी। दुष्यंत सबसे पहले गांव तितरम स्थित चौपाल में पहुंचे। गांव पहुंचने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
विज्ञापन
दुष्यंत चौटाला ने अपने चाचा इनेलो नेता अभय चौटाला को धमकी मिलने के मामले में कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी छह विधायकों को इसी प्रकार से धमकियां मिली तो पांच आरोपियों को सरकार ने गिरफ्तार कर लिया था।
दुष्यंत ने नूंह हिंसा मामले में कहा कि हिंसा के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। अभी तक सरकार ने 350 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यदि कोई भाईचारा बिगाड़ेगा तो सरकार उसके साथ सख्ती से निपटेगी। इस हिंसा में शामिल सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। हिंसा करने वाला न किसी धर्म का होता है और न किसी जाति का।