संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में दिवाली के बाद बुधवार को डेंगू का कोई नया मरीज न मिलने से स्वास्थ्य विभाग को राहत मिली है। दरअसल, दिवाली के बाद से जिले में लगातार डेंगू के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी थी। अब बुधवार को
कई दिनों बाद डेंगू के बढ़ रहे मामलों पर रोक लगी है।
गौरतलब है कि जिले में अब तक 71 डेंगू मरीज मिल चुके हैं। उधर, बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर के 11 हजार 102 घरों व दुकानों में डेंगू के मच्छर की लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 70 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिला है। अब सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया व साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया गया। दूसरी ओर 38 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। अब तक 4155 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही अब तक 3744 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल चुका है।
जिला सिविल सर्जन ने बताया कि डेंगू के मच्छर के लार्वा से बचाव के लिए अपने आस-पास सफाई का विशेष ध्यान रखें। ऐसा करने से डेंगू व चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचा जा सकता है।