शनिवार को जिले में डेंगू के 5 मामले सामने आए हैं। इससे पूर्व दो मामले सामने आ चुके हैं। इस सीजन में डेंगू के 7 मामले हो गए हैं। हालांकि ये पिछले साल से कम हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पट्टी अफगान निवासी महिला का शाह अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां सैंपल के दौरान उसे डेंगू पाया गया है। इसी अस्पताल में दाखिल नरवाल निवासी एक व्यक्ति को भी डेंगू पाया गया है। वहीं बिरथे बाहरी निवासी एक बच्चा भी डेंगू पॉजिटिव पाया गया। उसका सीएचसी राजौंद में सैंपल लिया गया था। इसके अलावा कैथल के अमरगढ़ गामड़ी निवासी एक व्यक्ति भी डेंगू पॉजिटिव पाया गया। जिसे कैथल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सीवन निवासी एक व्यक्ति भी पॉजिटिव रहा। उसे भी कैथल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सीवन व अमरगढ़ गामड़ी में डेंगू पीड़ित दोनों मरीज कोरोना के भी पॉजिटिव पाए गए हैं। शनिवार को कोरोना के जिले में 6 मामले सामने आए। जो प्रताप गेट, देवबन, भगत सिंह चौक, बुढाखेड़ा, प्रताप गेट से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में कुल 2788 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 191 एक्टिव केस बचे हैं।
गांव किठाना में मिले पांच विद्यार्थी कोरोना पाजिटिव के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के संपर्क में आने वाले विद्यार्थियों के सैंपल लिए। एसएमओ डा. संदीप सिंह ने बताया कि गांव किठाना में एंटीजन किट से 5 विद्यार्थियों की कोरोना जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके अलावा 26 विद्यार्थियों के आर टी पी सी आर से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए है, जिनकी रिपोर्ट 24 या 48 घंटे में आएगी।