कैथल। आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन ने मंगलवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले भर की आंगनबाड़ी वर्कर शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान सुबह के समय सभी आंगनबाड़ी वर्कर जिला सचिवालय के मुख्य पार्क के पास बने पार्क में एकत्रित हुई। इस दौरान वर्करों व हेल्परों ने सरकार पर उनकी मांगें पूरी न करने का आरोप लगा जमकर नारेबाजी भी की। मांगों के समर्थन में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद भी रखा गया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन की राज्य महासचिव शकुंतला शर्मा व जिला प्रधान राजबाला ने और मंच संचालन जिला सचिव नीतू ने किया। प्रदर्शन को सीटू के जिला कैशियर जयप्रकाश शास्त्री ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर को ग्रेच्युटी सुप्रीम कोर्ट के आदेश हो चुके उसे लागू किया जाए। आंगनबाड़ी की राज्य महासचिव शकुंंतला ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पलवल के एक गांव में ग्रामीणों संबोधित करते हुए हुआ कि कौन- कौन चाहता है आंगनबाड़ी बंद हो। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी की यूनियन निंदा करती है।
महासचिव शकुंतला शर्मा ने कहा कि कभी प्ले स्कूल का नाम देकर तो कभी बाल वाटिका शुरू करके सरकार आंगनबाड़ी सेंटर का अस्तित्व खत्म करना चाहती हैं। इसे सहन नही किया जाएगा। यूनियन ने मांग की कि 2012 से आंगनबाड़ी सेंटर में रजिस्टर नही दिए गए वे दिए जाएं। ईंधन का पैसा भी मिले। वर्दी की राशि दी जाए। आंगनबाड़ी सेंटर का बढ़ा हुआ किराया लागू किया जाए।
इस मौके पर किसान सभा की तरफ से महेंद्र सिंह, मिड डे मिल राज्य नेता सत्यवान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सुनीता, जमीला, पूनम, नीलम, कविता, कुसुम, कुलदीप कौर, रीना रानी, मंजीत हाबड़ी, आशा, रीना पाई, निर्मल, मंजू व उर्मिल मौजूद रहीं।