संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दलित अधिकार मंच हरियाणा, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन (सीटू), ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन, एसकेएस, नगरपालिका, जनवादी महिला समिति और जन कल्याण सोसायटी ने संयुक्त रूप से आईपीएस अधिकारी पी. पूरण कुमार की कथित संस्थागत हत्या पर गहरा रोष व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इन संगठनों ने हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इसके साथ ही जवाहर पार्क, कैथल से पेहवा चौक तक प्रदर्शन किया गया। सभा की अध्यक्षता दलित अधिकार मंच के सीनियर साथी अमृत लाल ने की, जबकि संचालन एसकेएस के जिला प्रधान और दलित अधिकार मंच के राज्य उप संयोजक शिवचरण ने किया।
दलित अधिकार मंच ने पी. पूरण कुमार की पत्नी आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार और अन्य परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्य उप संयोजक शिवचरण ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह संस्थागत हत्या है। पी. पूरण कुमार ने सुसाइड नोट में कई आईपीएस और आईएएस अधिकारियों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मंच ने मांग की कि पी. पूरण कुमार के मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, सभी आरोपित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सभा और प्रदर्शन में सत्यवान, बसाऊ राम, नरेश कुमार, सावित्री, मास्टर रामपाल, रामफल दयोरा, अमर नाथ किठानिया, ओमप्रकाश सोलरा, जयप्रकाश, सुरेश टाँक, छज्जू राम, रघबीर सिंह, गोरव टाँक, महेंद्र कुमार बिड़लान, राज कुमार मंचल, अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।