संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। छोटे और बड़े साहबजादों तथा माता गुर्जर कौर की शहादत एवं श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं गुरुद्वारा पातशाही छेवीं एवं नौवीं की ओर से 26 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे शहीदी दिवस कार्यक्रम के तहत प्रभात फेरियों का क्रम जारी है। दूसरे दिन निकाली गई प्रभातफेरी ने पूरे गुरुद्वारा परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
प्रभातफेरी के दौरान गुरुवाणी के मधुर स्वर गूंजते रहे और श्रद्धा से भरे माहौल ने नगरवासियों को भक्ति और गुरु-स्मरण की अनुभूति कराई। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अनुसार प्रभातफेरी प्रतिदिन सुबह पांच बजे गुरुद्वारा साहिब में दीवान के साथ आरंभ होती है, जो 26 दिसंबर तक लगातार जारी रहेगी।
प्रभातफेरी के दौरान “अव्वल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे”, “अल्लाह वाहेगुरु हरि का नाम एक है” सहित अनेक गुरुबाणी शब्दों के पाठ से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। स्थानीय संगत ने श्रद्धाभाव से छोटे-बड़े साहबजादों एवं माता गुर्जर कौर की महान शहादत को नमन किया। अरदास के उपरांत संगत को प्रसाद वितरित किया गया।
गुरुद्वारा प्रबंधक सुरजीत सिंह मलिकपुर ने बताया कि रागी जत्था की प्रमुख बीबी बलजिंदर कौर खालसा ने अपनी मधुर और भावपूर्ण गुरुवाणी से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर छोटे-बड़े साहबजादों एवं माता गुर्जर कौर की महान शहादत का स्मरण करने की अपील की। इस अवसर पर हेड ग्रंथि रणजीत सिंह, गुरजीत सिंह, बलजीत सिंह, कोहर सिंह और राजू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।