कलातय वार्ड कमेटियों की बैठक के दौरान मौजूद पार्षद, जनप्रतिनिधि व नगर पालिका के कर्मचारी।
कलायत। नगर पालिका कार्यालय में वार्ड कमेटी सदस्यों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, विकास कार्यों में तेजी लाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कोऑर्डिनेटर सुरेश चहल ने वार्ड सदस्यों को ई-समाधान एप के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इस एप के माध्यम से नागरिक सफाई सहित अन्य नागरिक समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनका संबंधित विभाग की ओर से त्वरित समाधान किया जाता है। उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे लोगों को इस एप के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
इस दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। बैठक में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन और दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। वार्ड सदस्यों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। नगरपालिका चेयरमैन अंकित राणा ने कहा कि वार्ड कमेटियां नगर पालिका और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सदस्यों से सफाई व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और वार्ड कमेटियों की सक्रियता से ही शहर के विकास और जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार संभव है। बैठक में कनिष्ठ अभियंता अब्दुल वहाब, सफाई इंचार्ज सोम प्रकाश, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पार्षद व अन्य मौजूद रहे।
कलातय वार्ड कमेटियों की बैठक के दौरान मौजूद पार्षद, जनप्रतिनिधि व नगर पालिका के कर्मचारी।