कैथल/पंचकूला। एशियन खेल में स्वर्णिम इतिहास के बाद अब निधि के मुक्के से जूनियर गर्ल्स वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक निकला था। संयोग की बात है कि निधि ने एशियन और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के दोनों मुकाबले में चाइना ताइपे की खिलाड़ी काउचून आई को 5-0 से मात देकर खिताब जीता है। इस जीत के बाद निधि को प्रदेश सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का कैश प्राइज मिलेगा।
गौरतलब है कि उसकी इस दोहरी सफलता से पंचकूला खेल नर्सरी के खिलाड़ियों में जबरदस्त खुशी है। निधि खेल नर्सरी की पहली छात्रा है, जिसने जूनियर बॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में खिताब हासिल किया है। यह चैंपियनशिप आर्मेनिया में हुई थी।
महज पांच साल के खेल कॅरियर में रच दिया इतिहास
निधि ढुल पंचकूला सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल खेल नर्सरी की छात्रा हैं। वह कोच वीरेंद्र डांगी के पास पांच साल बाॅक्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच ने बताया कि अब ओलंपिक की तैयारी में जुटेगी। वह रोजाना सुबह और शाम ढाई घंटे बॉक्सिंग का अभ्यास करती हैं। कोच वीरेंद्र ने बताया कि निधि कैथल स्थित पाई गांव की रहने वाली है। निधि के पिता राजेश कुमार सीआईए में एएसआई के पद पर तैनात हैं। वह चंडीगढ़ एसडी स्कूल में कक्षाा 10वीं में पढ़त है। ब्यूरो