कलायत। पूर्व राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना सही मायनों में अंतिम पंक्ति में खड़े परिवार को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 23 वर्ष से अधिक आयु की बहु-बेटियों को लाभ मिलेगा। कमलेश ढांडा बृहस्पतिवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थीं। उन्होंने यहां से योजना का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान बीडीपीओ रीतू शर्मा, एसएमओ डॉ. किरण सिंधु और पार्षद रेणू धानियां ने मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप रामदरबार की प्रतिमा भेंट की और महिलाओं की ओर से आभार व्यक्त किया। ढांडा ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके तहत पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यह योजना कारवां चौथ, धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहारों से पहले महिलाओं के लिए खास तोहफा साबित होगी। कार्यक्रम में शामिल महिलाएं योजना की शुरुआत से उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दीं। संवाद