संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नेशनल हाईवे 152-डी पर करोड़ा गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
राहगीरों ने जैसे ही दुर्घटना को देखा तो तुरंत पूंडरी पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।
पूंडरी थाना एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि मृतक व्यक्ति के पास कोई ऐसा दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था। उसके शरीर पर पहचान संबंधित कोई निशान भी नहीं मिला है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल में मोर्चरी में रखा जाएगा, ताकि कोई उसकी पहचान कर सके।
कैंटर से भिड़ी कार, युवती की मौत, तीन घायल
जलबेड़ा। नेशनल हाईवे-152 पर नग्गल क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कैंटर चालक की लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने मुड़ने के लिए तेज गति में कैंटर को मोड़ दिया तभी उन्होंने कार के ब्रेक लगाए लेकिन कार कैंटर से टकरा गई। कार की अगली सीट पर बैठी दिल्ली के प्रेम नगर निवासी ज्योति (24) की मौत हो गई। चालक युवती शानू, सूरजभान व शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। शानू की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ जीएमसीएच-32 भेज दिया गया। नग्गल थाना पुलिस ने घायल कार चालक कैथल के हाबड़ी गांव निवासी शुभम शर्मा की तहरीर पर कैंटर चालक उज्जैन निवासी मोहम्मद समीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। हड़ताल के चलते बहन के घर जा रहे थे कुरुक्षेत्र के फार्मासिस्ट : घायल कैथल के हाबड़ी गांव निवासी शुभम शर्मा (30) ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र के न्यू बस अड्डा के पास स्थित लाइफ लाइन फार्मेसी में काम करता है। 20 मई को प्रदेशभर में मेडिकल स्टोरों की हड़ताल थी, जिसके कारण फार्मेसी बंद थी। अंबाला के बलाना गांव में अपनी बहन मनु के घर जाना था। फार्मेसी का मालिक, दोस्त कुरुक्षेत्र के सेक्टर-4 निवासी सूरजभान भी उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गए। संवाद