संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल ब्लॉक की ड्रेनों में करवाए जा रहे साफ-सफाई के कार्य का उपायुक्त प्रीति ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। दोपहर बाद पहुंचीं डीसी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए और कहा कि ड्रेनों की सफाई कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी समय रहते ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित करवाएं।ताकि बारिश के पानी की बिना किसी बाधा के निकासी हो सके।
उन्होंने ड्रेनों में मुख्य चौक-चौराहों के साथ-साथ कई किलोमीटर तक ड्रेनों की पटरियों से जहां तक संभव हुआ वाहनों की मदद से और उसके बाद पैदल जाकर भी बारीकी से ड्रेनों की सफाई के कार्य का निरीक्षण किया।
डीसी ने ड्रेनों में मनरेगा से करवाए जा रहे सफाई के कार्य, पोकलेन व जेसीबी से करवाए जा रहे कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि ड्रेनों के अंदर से जहां तक संभव हो सके गाद निकाली जाए। साथ ही ड्रेनों में उगी हुई जलखूंबी की सफाई सुनिश्चित करें। इसके अलावा किनारों पर जो पेड़ खड़े हैं, उनकी कटाई-छंटाई जरूरी है क्योंकि पानी की निकासी के समय ये टहनियां पानी के बहाव में रुकावट पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि जो गाद निकाली जाए, उसका उठान भी सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समय रहते ड्रेनों, नालों की सफाई की जाए ताकि बारिश के समय में लोगों को जलभराव जैसी स्थितियों का सामना न करना पड़े। इन्हीं निर्देशों मद्देनजर अधिकारी सफाई कार्य में गंभीरता दिखाएं।
डीसी ने कहा कि यदि कार्य में लापरवाही मिलेगी तो कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस अवसर पर डीएमसी सुशील कुमार, एसडीएम अजय सिंह, डीआरओ चंद्रमोहन, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता व अन्य अधिकारियों के अलावा जन स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
सबसे पहले ग्योंग ड्रेन और फिर पहुंचीं भैणी माजरा
डीसी ने दोपहर बाद सबसे पहले ग्योंग ड्रेन का निरीक्षण किया। करनाल रोड से लेकर डीसी ड्रेन की पटरी से होते हुए गांव भैणी माजरा तक पहुंची और बीच में कई जगह रुकते हुए मनरेगा से करवाए जा रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। करनाल रोड से सेक्टर 18 के बीच से निकल रही ड्रेन का निरीक्षण किया। कार्य संतोषजनक न मिलने पर अधिकारियों को चेतावनी दी। फिर देवीगढ़ लिंक ड्रेन का दौरा किया। जहां उन्होंने ड्रेन के अंदर से गाद निकालने, पेड़ों की कटाई छंटाई करने व इस ड्रेन के ऊपर से गुजर रहे रजबाहे की सफाई के लिए सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता को निर्देश जारी किए। डीसी अंबाला रोड पर स्थित मानस ड्रेन पर पहुंचीं। डीसी ने क्योड़क व ढांड रोड की ओर से आ रही ड्रेन में जलखूंबी को हटाने के निर्देश दिए। फिर क्योड़क ड्रेन पर किए जा रहे सफाई कार्य में आवश्यक सुधार व तेजी लाने के निर्देश दिए।