संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खरीफ सीजन के आगमन से पहले डीसी प्रीति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में धान खरीद प्रक्रिया की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और धान की फसल निर्धारित समर्थन मूल्य पर की जाए।
डीसी ने कहा कि इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ए ग्रेड का 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सभी खरीद एजेंसियां समर्थन मूल्य के अनुसार धान की खरीद करें और समय पर किसानों के खाते में भुगतान सुनिश्चित करें। जिले में इस वर्ष करीब 7.57 लाख मीट्रिक टन धान आने की संभावना है।
उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों का दौरा करें और बिजली, पानी, शौचालय, तिरपाल व पॉलिथीन कवर, बारदाना, इलेक्ट्रिक झरना, पावर मशीन, सीसीटीवी कैमरा और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके अलावा, मंडियों में सूचना बोर्ड लगवाए जाएं, जिसमें खरीदी के नियम और शर्तें स्पष्ट रूप से दी गई हों।
डीसी ने कहा कि पुलिस विभाग मंडियों में यातायात सुचारू बनाए और किसी भी स्थान पर जाम जैसी स्थिति न हो। सभी ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाया जाए। एसडीएम खरीद शुरू होने से पहले मंडियों का दौरा करें और सुनिश्चित करें कि किसानों के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासनिक या विभागीय स्तर पर कोई कमी पाई जाती है या किसानों को सुविधाएं नहीं मिलती हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि मंडियों में समय पर धान का उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि जगह की कमी या अव्यवस्था न हो।