कैथल। भारत ही नहीं बल्कि दूसरे देशों में भी अचानक से लगे लॉकडाउन के कारण लोगों को अच्छी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लॉकडाउन ही कारण है कि आज तक डा. सुमित गोयत भारत वापस नहीं लौट पाए हैं। वे अब अगले साल तक ही आ पाएंगे।
सुमित गोयत कैथल में अध्यापक सतबीर गोयत के पुत्र हैं। जो पिछले साल अमेरिका में एमडी मेडिसिन में दाखिला मिलने के बाद 20 मार्च को अमेरिका से भारत आने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। उनके पिता सतबीर गोयत बताते हैं कि सुमित को एयरपोर्ट पर आकर पता चला कि वहां से फ्लाइट रद्द करते हुए लॉकडाउन लगा दिया गया है। जिस कारण सुमित अमेरिका के अलबामा राज्य के फ्लोरेंस शहर में ही फंस गया था। उसी समय उसका वीजा जो पहले टूरिस्ट वीजा था, उसे स्टूडेंट वीजा में कन्वर्ट करवाना था। वह वहां नहीं हो पाया तो जुलाई से शुरू होने वाली कक्षाओं तक के लिए खतरा पैदा हो गया था। उसने वहां से मैक्सिको जाकर अपना वीजा कन्वर्ट करवाया। इसके बाद जुलाई माह में उसकी कक्षाएं शुरू हुईं। लंबे चले लॉकडाउन के कारण वह उस समय भारत नहीं लौट पाया तो बाद में उसकी कक्षाएं शुरू हो गईं। उसे अभी तक छुट्टी नहीं मिलीं। जिस कारण वह अभी तक भी वापस नहीं आ पाया है। अब उन्हें उम्मीद है कि वह अगले साल ही भारत लौटेगा। उस समय तो पूरे परिवार को ही चिंता सताने लगी थी कि अचानक लॉकडाउन से कहीं दाखिले पर ही कोई खतरा न आ जाए। लेकिन भगवान का शुक्र है कि सब कुछ ठीक रहा और आज सुमित अमेरिका में ही एमडी मेडिसिन कर रहा है। सुमित ने पटियाला मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया था। इसके बाद वह एमडी मेडिसिन में दाखिले के लिए प्रयासरत था और पिछले साल मार्च में ही उसे यह सफलता मिली थी। डा. सुमित गोयत की मां स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं।
विदेशों से आए लोगों को भी हुई थी परेशानी
विदेशों से लॉक डाउन में विशेष फ्लाइट से काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। जिन्हें खूब परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों ने क्वारंटीन अवधि में उन्हें घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। जो भी व्यक्ति घर से बाहर दिख जाता था, पड़ोस के लोग पुलिस को फोन करके शिकायत करते थे। क्वारंटीन अवधि का उल्लंघन करने पर पुलिस ने भी इस मामले में केस दर्ज किए थे।
अब न हो ऐसी स्थिति, इसीलिए संभल कर रहिए
अब कोरोना दोबारा से पांव पसार रहा है। इसलिए हम सभी को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। आप घर से बाहर निकलें तो मास्क लगाएं, दो गज की दूरी रखें। हाथों को साबुन से धोते रहें। हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करें। ताकि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से निपटा जा सके।