कैथल। जिले में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राप्त करने की प्रक्रिया में यह बड़ा बदलाव है। नए नियमों के अनुसार होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को पहले पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा और उसकी रसीद दिखाने पर ही व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए यह रसीद जरूरी होगी।
प्रशासन के अनुसार, पीएनजी कनेक्शन मिलने में लगभग 15 दिन तक का समय लग रहा है, लेकिन इस दौरान उपभोक्ता आवेदन रसीद के आधार पर अपनी जरूरत पूरी कर सकेंगे। साथ ही, अब पिछले छह माह में उपभोग किए गए सिलेंडरों के आधार पर ही आपूर्ति तय की जाएगी, जिसमें लगभग 40 प्रतिशत तक कटौती का प्रावधान रखा गया है।
उदाहरण के तौर पर यदि किसी प्रतिष्ठान ने 10 सिलेंडर उपयोग किए हैं, तो उसे केवल 6 सिलेंडर ही मिलेंगे। इसके साथ ही व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त करने के लिए डीएफएससी कार्यालय जाने की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है। अब पूरी व्यवस्था संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से ही संचालित होगी। गैस एजेंसी संचालक चंद्रमोहन ने भी स्वीकार किया कि व्यावसायिक सिलिंडर लेने के लिए अब पीएनजी अप्लाई करना अनिवार्य कर दिया गया है।
बढ़ी पीएनजी कनेक्शनों की संख्या
जिले में पीएनजी कनेक्शनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मार्च माह में ही 1034 नए कनेक्शन जारी किए गए, जिससे कुल संख्या बढ़कर 11,160 तक पहुंच गई है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 25 से 30 नए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। कनेक्शन प्रक्रिया में 15 से 20 दिन की वेटिंग चल रही है। संवाद
आपूर्ति और मांग में अंतर
जिले में व्यावसयिक गैस की मांग और आपूर्ति के बीच का अंतर भी इस सख्ती का एक बड़ा कारण बताया जा रहा है। वर्तमान में जिले में व्यावसायिक गैस के 882 सक्रिय कनेक्शन हैं। इन उपभोक्ताओं के बीच प्रतिदिन लगभग 2000 सिलिंडर की मांग रहती है, जबकि वर्तमान में उपलब्धता केवल 1000 से 1200 सिलिंडर की ही हो पा रही है। इसके लिए भी एजेंसियों की तरफ से मांग भेजने के बाद आपूर्ति मिल रही है। इस 800-900 सिलेंडरों की कमी को पूरा करने के लिए प्रशासन पीएनजी को एकमात्र स्थायी विकल्प मान रहा है।
अब व्यावसायिक सिलिंडर की मांग सामान्य हो गई है। इसलिए निर्णय लिया गया है कि व्यावसायिक सिलिंडर पूर्व की भांति सीधे तौर पर गैस एजेंसियों पर ही मिलेगा। -वरिंद्र कुमार, डीएफएससी कैथल
n
व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं 882
n
गैस एजेंसी हैं 20 : इनमें आईओसी की 14, एचपीसी की 3 और बीपीसी 1 है।
n
घरेलू गैस कनेक्शन हैं 2,81,572
n
सक्रिय पीएनजी कनेक्शन 11,160