संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अब जिले के यात्री भी एसी बसों में सुहाना सफर कर सकेंगे। डिपो को पांच नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलने जा रही है। ये बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी और इनके संचालन से रोजाना सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
डिपो प्रशासन ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया है, जिस पर जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि पहली बार कैथल डिपो को अपनी खुद की इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इन बसों का संचालन मुख्य रूप से सिटी बस सेवा के तहत किया जाएगा, जिससे यात्रियों को शांत, सुगम और किफायती सफर का अनुभव मिलेगा।
अब तक कैथल में करनाल और कुरुक्षेत्र डिपो की इलेक्ट्रिक बसें ही आ रही थीं, लेकिन अब अपनी बसों के आने से व्यवस्था और बेहतर होगी। संभावना है कि जून माह से पहले ये बसें डिपो में पहुंच जाएंगी।
पहली बार इलेक्ट्रिक बसें होंगी शामिल : कैथल डिपो के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि अभी तक यहां एक भी इलेक्ट्रिक बस नहीं थी। वर्तमान में डिपो में बीएस-3, बीएस-4 और बीएस-6 श्रेणी की बसें संचालित हो रही हैं। डिपो के पास कुल 168 बसों का बेड़ा है, जो विभिन्न रूटों पर सेवाएं दे रहा है।
रोजाना 18-20 हजार यात्री करेंगे लाभ : कैथल डिपो की बसों में प्रतिदिन करीब 18 से 20 हजार यात्री सफर करते हैं। इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही ईंधन और मेंटेनेंस खर्च में कमी आने से डिपो की आय में भी बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में मासिक आमदनी 14 से 15 लाख रुपये है, जो बढ़कर करीब 18 लाख रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
चार्जिंग प्वाइंट और आधुनिक सुविधाएं : इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए बस अड्डे की वर्कशॉप में चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। बसों में 45 सीटें होंगी और परिचालक के लिए अलग सीट की व्यवस्था रहेगी।
इन बसों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस ट्रैकिंग और स्पीड अलर्ट जैसी सुविधाएं होंगी। बसों की लंबाई अपेक्षाकृत कम होने के कारण ये संकरे मार्गों पर भी आसानी से संचालित हो सकेंगी।
कैथल डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत से परिवहन व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा। इससे यात्रियों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा तथा यह पहल ग्रीन और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
-अनिल कुमार, रोडवेज वर्कशॉप मैनेजर