कैथल। अग्रवाल युवा सभा कैथल की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर ढांड रोड स्थित निजी गार्डन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, नगर परिषद कैथल की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, अग्रवाल युवा सभा के प्रधान राम प्रताप गुप्ता, शैलर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. डी पी गुप्ता उपस्थित रहे। समारोह स्थल पर महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा को फूलों से आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया, जो कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक रही।
अतिथियों के आगमन पर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। आयोजन स्थल को सुंदर ढंग से सजाया गया था जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। अग्रवाल युवा सभा के प्रधान राम प्रताप गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी ने संगठन की एकजुटता और सामाजिक सक्रियता का परिचय दिया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में महिला इकाई की ओर से शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगारंग झांकियों और राधा-कृष्ण नृत्य ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर राम कुमार बंसल चेयरमैन, मनोज बंसल संयोजक, मोहनलाल गुप्ता महासचिव, संजय बंसल उपप्रधान, हिमांशु गोयल एडवोकेट सह सचिव और सुभाष बंसल मौजूद रहे।
-
हास्य कवि सम्मेलन में कवियों ने बांधा समा
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद भव्य हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें सुप्रसिद्ध कवयित्री अनामिका अंबर जैन एवं उनकी टीम के कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि सम्मेलन में मास्टर योगेंद्र रोड, राजेश अग्रवाल, स्वाति खुशबू, सुंदर कटारिया सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया। हास्य, व्यंग्य, सामाजिक सरोकारों और जीवन से जुड़े विषयों पर आधारित कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कवियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया जिसमें विभिन्न आकर्षक उपहार निकाले गए। इनमें इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रथम पुरस्कार के रूप में शामिल रही। इसके अतिरिक्त वॉशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी, मिक्सी-ग्राइंडर सहित कई उपहारों के विजेताओं की घोषणा की गई।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग। विज्ञप्ति- फोटो : 1
महाराजा अग्रसेन जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग। विज्ञप्ति- फोटो : 1
महाराजा अग्रसेन जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग। विज्ञप्ति- फोटो : 1