पूंडरी में मुर्गों से भरे कैंटर पर तिरपाल लगाने के लिए ऊपर चढ़े युवक की हाई वोल्टेज करंट लगने से मौत हो गई। मृतक युवक कैंटर पर कंडक्टर के तौर पर कार्यरत था। पूंडरी पुलिस ने मृतक युवक के पिता की शिकायत पर ड्राईवर व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में रोहतक के गांव रिठाल निवासी रणबीर ने बताया कि उसका 20 वर्षीय बेटा सोमवीर कैंटर पर कंडक्टर के तौर पर काम करता था। वह पूंडरी के एक पॉल्ट्री फार्म से मुर्गे लेने के लिए आए हुए थे। वे कैंटर में मुर्गे भरकर उसका वजन करवाने के लिए गए। इसके बाद कैंटर चालक ने उसके बेटे को कैंटर पर तिरपाल लगाने के लिए कहा। कैंटर चालक ने जानबूझ कर उस कैंटर को बिजली की हाई वोल्टेज तारों के नीचे खड़ा कर दिया। जब उसको बेटा कैंटर पर तिरपाल लगाने के लिए गया तो वह हाई वोल्टेज के करंट की चपेट में आ गया। जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पूंडरी पुलिस के जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक युवक के पिता की शिकायत पर कैंटर चालक व एक अन्य के खिलाफ 304ए का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।