अनाज मंडी के निकट दुकान चला रहे एक दुकानदार की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्यारे नकदी सहित अन्य सामान लूट कर भाग गए। शव को रजबाहे में फेंक दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मृतक पाचू राम के भाई नीतिश राय पुत्र नवोदय राय यादव ने कहा कि उसका भाई अनाज मंडी ढांड के सामने लगभग नौ साल से करियाना की दुकान चला रहा था। शनिवार रात को लगभग 10 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर पर नहीं पहुंचा। तलाश करने पर उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह साढ़े पांच बजे किसी ने फोन पर सूचना दी कि पाचू राम घर से कुछ ही दूरी पर रजवाहे में मृत पड़ा है। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी।
नीतिश ने बताया कि उसके भाई को दो दिन पूर्व ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। कातिल उसके भाई का मोबाइल फोन व नकदी भी लूट कर ले गए। उसके भाई के शरीर पर तेजधार हथियारों के निशान थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी कृष्ण मुरारी, डीएसपी जोगिंद्र सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और ढांड पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ढांड थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।